स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) के सुपर 4 मुकाबले में मंगलवार को श्रीलंका बनाम पाकिस्तान (Pakistan) रोमांचक मुकाबला खेला गया है। करो या मरो के इस मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 133 रन बनाए जवाब में पाकिस्तान ने 12 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें-फ्रांस के फुटबॉलर ने जीता सबसे प्रतिष्ठित Ballon D’Or 2025 अवॉर्ड, इस महिला ने भी मारी बाजी
श्रीलंका के 134 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़कर पाकिस्तान को शानदार शुरुआत दिलाई। हालांकि महीश दीक्षाना ने लगातार गेंदों पर दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर श्रीलंका को मैच में वापस ला दिया। इसके बाद सैम अयूब और सलमान आगा भी जल्दी-जल्दी आउट हो गए।
एक समय पाकिस्तान ने 12 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इस मुश्किल स्थिति में मोहम्मद हारिस ने 13 रनों की अहम पारी खेली। इसके बाद हुसैन तलत और मोहम्मद नवाज ने मोर्चा संभाला और 58 रनों की नाबाद साझेदारी करके पाकिस्तान को जीत दिलाई। दोनों बल्लेबाज 32-32 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका के लिए, वानिंदु हसरंगा और महेश थीक्षाना ने दो-दो विकेट लिए, जबकि दुष्मंथा चमीरा ने एक विकेट लिया।

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और उसने पारी की दूसरी ही गेंद पर कुसल मेंडिस का विकेट गंवा दिया, वह भी बिना कोई रन बनाए। पथुम निसांका भी 8 रन बनाकर आउट हो गए। पूरी टीम का यही हश्र हुआ। श्रीलंका के लिए कामिंदु मेंडिस ने 50 रनों की जुझारू पारी खेली। कप्तान चरित असलांका ने 20, चमिका करुणारत्ने ने 17 और कुसल परेला तथा वानिंदु हसरंगा ने 15-15 रन बनाए। श्रीलंकाई टीम मात्र 133 रन ही बना सकी। पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए। हरीश रऊफ और हुसैन तलत ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अबरार अहमद ने भी एक विकेट लिया।
एशिया कप सुपर-4 की पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया अभी भी टॉप पर कायम है। भारत ने पाकिस्तान को सुपर-4 के अपने पहले मुकाबले में करारी शिकस्त दी थी, जिसके चलते भारत का नेट रन रेट सभी टीमों के मुकाबले बेहतर है। एशिया कप सुपर-4 में अब भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश तीनों टीमों के पास 2-2 अंक हैं, लेकिन पाकिस्तान के 3 में से 2 मुकाबले हो चुके हैं। वहीं भारत और बांग्लादेश का 1-1 ही मैच हुआ है।