एंटरटेनमेंट डेस्क। बीते शुक्रवार को सुरों के महारथी जुबीन गर्ग (Zubeen Garg) का आकस्मिक निधन हो गया। गायक की अचानक हुई मौत से हर कोई चौंक गया और शोक में डूब गया। उन्हें राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी गई। इसके छह दिन बाद अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) का उनका पहला सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया।
यह भी पढ़ें- सिंगर जुबीन गर्ग की मौत मामले में इवेंट ऑर्गेनाइजर्स के खिलाफ FIR दर्ज
कंगना रनौत ने हाल ही में जुबीन गर्ग की मौत पर शोक व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्हों ने अपने पोस्ट में दिल को छू लेने वाली कुछ बातें भी लिखी हैं। बता दें कि कंगना की डेब्यू फिल्म गैंगस्टर के गाने या अली ने उन्हें बॉलीवुड में पहचान दिलाई थी, जिसे सुनकर सिनेमा जगत में उनकी पहचान मजबूत हुई। 2006 में अनुराग बसु की फिल्म गैंगस्टर के जरिए कंगना रनौत ने हिंदी सिनेमा में कदम रखा। इस फिल्म में उनके अलावा इमरान हाशमी और साइनी आहूजा ने भी अहम भूमिकाएं निभाईं। फिल्म ने सामान्य प्रदर्शन किया, लेकिन इसके गाने काफी लोकप्रिय रहे, खासकर जुबीन गर्ग की आवाज में गाया गया या अली का गीत—जो धीरे-धीरे क्लासिक बन गया। इस गाने ने जुबीन गर्ग को रातों रात शोहरत दिलाई।

कंगना रनौत की ओर से जुबीन गर्ग के निधन पर शोक व्यक्त किया गया है। गैंगस्टर फिल्म की अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी के जरिये जुबीन की कुछ तस्वीरें साझा कीं और साथ में कैप्शन लिखा- “आपके जैसा कोई और नहीं, जुबीन दा।” इस तरह कंगना ने गायक के असमय निधन पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
जुबीन गर्ग के निधन के छः दिन बाद कंगना का यह पोस्ट सामने आया है और अब यह चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार जुबीन असम म्यूजिक इंडस्ट्री के एक बड़े नाम थे और उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि राजकीय सम्मान के साथ दी गई। बीते मंगलवार को जुबीन का अंतिम संस्कार किया गया और वे पंचतत्व में विलीन हो गए।