नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 126वें एपिसोड में रविवार को देश को संबोधित किया। PM Modi ने नवरात्रि, विजयादशमी और आने वाले त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शहीद भगत सिंह और स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में लोकल फॉर वोकल पर जोर दिया साथ ही देशवासियों से स्वदेशी अपनाने की अपील की।
यह भी पढ़ें-योगी सरकार का बरेली बवाल पर बड़ा एक्शन, मौलाना तौकीर रजा समेत 8 गिरफ्तार
Mann Ki Baat में पीएम मोदी ने देशवासियों से 2 अक्टूबर को खादी उत्पाद खरीदने का आग्रह किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को कोई न कोई खादी उत्पाद जरूर खरीदें और गर्व से कहें – ये स्वदेशी हैं। साथ ही, उसे #VocalforLocal टैग के साथ सोशल मीडिया पर साझा करने का आग्रह किया। पीएम ने आगे कहा कि जब हम देश में बने सामान खरीदते हैं, तो हम एक परिवार में उम्मीद जगाते हैं, एक कारीगर की कड़ी मेहनत का सम्मान करते हैं और युवा उद्यमियों के सपनों को पंख देते हैं।
PM Modi ने कहा, “2 अक्टूबर को गांधी जयंती है। गांधीजी हमेशा स्वदेशी अपनाने पर ज़ोर देते थे और खादी उनमें सबसे प्रमुख थी। दुर्भाग्य से, आज़ादी के बाद खादी का आकर्षण कम होता गया, लेकिन पिछले 11 वर्षों में खादी के प्रति आकर्षण काफी बढ़ा है। पिछले कुछ वर्षों में खादी की बिक्री में तेजी से वृद्धि हुई है।” उन्होंने कहा कि खादी की तरह, हमारे हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहे हैं। हमारे देश में ऐसे कई उदाहरण सामने आ रहे हैं जो दर्शाते हैं कि परंपरा और नवाचार के मेल से उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

इस मौके पर पीएम मोदी ने झारखंड के आशीष सत्यव्रत साहू की कहानी साझा की। उन्होंने कहा, “सत्यव्रत साहू ने जोहरग्राम ब्रांड के माध्यम से आदिवासी बुनाई और परिधानों को वैश्विक मंच पर पहुंचाया है। उनके प्रयासों की बदौलत दूसरे देशों के लोग भी झारखंड की सांस्कृतिक विरासत से परिचित हुए हैं। साथ ही तमिलनाडु के याज नेचुरल्स की पहल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अशोक जगदीशन और प्रेम सेल्वराज ने घास और केले के रेशे से योगा मैट बनाने के लिए अपनी कॉर्पोरेट नौकरियां छोड़ दीं। उन्होंने हर्बल रंगों से कपड़े रंगे और 200 परिवारों को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार प्रदान किया।
वहीं, अपने इस मासिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मशहूर गायक जुबीन गर्ग को भी याद किया। जिनकी पिछले दिनों सिंगापुर में आकस्मिक मौत हो गई थी। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में प्रतिष्ठित असमिया गायक ज़ुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि जुबीन का असम की संस्कृति से गहरा जुड़ाव था।