टेक्नोलॉजी डेस्क। YouTube ने भारत में एड-फ्री वीडियो देखने का एक सस्ता विकल्प पेश किया है। क्या आप वीडियो देखते समय बीच-बीच में दिखने वाले विज्ञापनों से परेशान हो जाते हैं? अब Google ने एक नया सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च किया है- YouTube Premium Lite। इसे एक किफायती विकल्प के तौर पर प्रस्तुत किया गया है, ताकि यूजर्स कम कीमत में भी एड-फ्री वीडियो का अनुभव पा सकें।
यह भी पढ़ें-अब डिजिटल पेमेंट में OTP के अलावा भी रहेंगे ऑप्शन, RBI ने दिए नए निर्देश
इस प्लान के साथ यूजर्स बिना विज्ञापनों के स्ट्रीमिंग का लाभ उठा सकेंगे, जिससे वीडियो देखने का अनुभव और भी साफ-सुथरा और निर्बाध हो जाएगा। नए YouTube Premium Lite प्लान की भारत में कीमत ₹89 प्रति माह तय की गई है, जो प्रीमियम सब्सक्रिप्शन के स्टूडेंट प्लान के बराबर है। इस प्लान के साथ कंपनी यूजर्स को गेमिंग, फैशन, ब्यूटी, न्यूज और कई अन्य कैटेगरीज के अधिकांश वीडियो एड-फ्री देखने की सुविधा प्रदान कर रही है।
हालांकि कंपनी ने स्पष्ट नहीं किया है कि ‘most videos ad-free’ का मतलब क्या है—यानी यह अभी पूरी तरह साफ नहीं है। यह प्लान सस्ता है, लेकिन इसमें YouTube Music की सुविधा नहीं दी गई है, जबकि रेगुलर YouTube Premium सब्सक्रिप्शन के साथ यूजर्स न सिर्फ YouTube के प्रीमियम फीचर्स पाते हैं, बल्कि YouTube Music का मुफ्त एक्सेस भी मिलता है।

YouTube Premium उपयोगकर्ताओं को ऐड-फ्री वीडियो के साथ-साथ बैकग्राउंड प्ले और ऑफलाइन डाउनलोड जैसी सुविधाएं भी देता है, जो इसे और भी खास बनाती हैं। वहीं YouTube Premium Lite सब्सक्रिप्शन में ये सभी खास सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। Lite प्लान सिर्फ ऐड-फ्री वीडियो देखने की सुविधा देता है। कंपनी का दावा है कि नया प्लान सभी डिवाइसों पर काम करेगा—चाहे वह स्मार्टफोन हो, लैपटॉप हो या स्मार्ट टीवी। हालांकि म्यूजिक कंटेंट, शॉर्ट्स और सर्च/ब्राउज़िंग के दौरान एड्स दिख सकते हैं।
YouTube के प्रीमियम लाइट प्लान को देखते हुए कहा जा सकता है कि इसमें यूजर और YouTube दोनों का फायदा है। दरअसल अगर आप एक ऐसे यूजर हैं, जो यूट्यूब पर लंबे वीडियो देखता है और जिसे बैकग्राउंड प्ले या ऑफलाइन डाउनलोड जैसे फीचर्स से कोई फर्क नहीं पड़ता, तो आपका काम 89 रुपये वाले प्लान में चल जाएगा। वहीं अगर आपको Youtube Music के साथ-साथ सभी तरह के फीचर्स का इस्तेमाल करना हो, तो आपके लिए 149 रुपये वाला प्लान ठीक रहेगा।